शहर के मोहल्ला गांधी नगर निवासी भीमसेन ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसका शहर के बैंक ऑफ बड़ौदा महोबा शाखा में बचत खाता है। उनके मोबाइल पर 11 जनवरी को शाम 6:30 बजे फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को आरबीआई का कर्मचारी बताते हुए उनका एटीएम कार्ड निरस्त होने की बात कही। साथ ही एटीएम कार्ड को पुन: चालू कराने के लिए कोड पूछा। खाताधारक ने आरबीआई का कर्मचारी समझकर एटीएम का कोड बता दिया। 12 जनवरी को खाते में बैलेंस की इंक्वायरी करने पर पता चला कि खाते से 27,010 रुपये निकाल लिए गए हैं। पीड़ित ने घटना की तहरीर कोतवाली में देकर खाते से पैसे उड़ाने वाले बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई कराए जाने की मांग की है। खाताधारक ने बैंक मैनेजर को तहरीर देकर घटना की जानकारी दी। गौरतलब है कि एक माह पहले भी इसी प्रकार स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा महोबा के खाताधारक के खाते से हैकरों ने दो लाख रुपए उड़ा दिए थे।