बोगी में खराबी आने पर महोबा रेलवे स्टेशन में खड़ी बरौनी एक्सप्रेस ट्रेन।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। बरौनी से चलकर अहमदाबाद जा रही बरौनी एक्सप्रेस जनरल बोगी का पहिया जाम होने से तीन घंटे रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। परेशान यात्रियों ने हो-हल्ला मचाया। रेलवे कर्मियों ने जाम बोगी को अलग कराया। तब ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई।
बरौनी एक्सप्रेस ट्रेन का समय महोबा रेलवे स्टेशन में आने का सुबह 11.20 बजे है लेकिन शनिवार को कोहरे के चलते ट्रेन तीन घंटे देरी से 2 बजकर 19 मिनट पर आई। जैसे ही ट्रेन आगे बढ़ी तो जनरल बोगी का पहिया जाम हो गया। इससे ट्रेन स्टेशन पर ही खड़ी हो गई। खराबी ठीक कर शाम 5.32 बजे ट्रेन अहमदाबाद के लिए रवाना हुई।
यात्री मिलन, केशव सिंह, रामप्रताप ने बताया कि कोहरे के कारण पहले से ही ट्रेन घंटों लेट चल रही है। अब खराबी आने से बेवजह समय की बर्बादी करनी पड़ रही है। उधर, उत्तर मध्य रेलवे के पीआरओ मनोज कुमार सिंह का कहना है कि ट्रेन के जनरल कोच में खराबी आने से ट्रेन रोकी गई। इसे दुरुस्त कराकर आगे रवाना किया गया।