पनवाड़ी (महोबा)। विकासखंड पनवाड़ी के 33 केवीए पावर हाउस महोबकंठ की मुख्य लाइन में फाल्ट होने से 50 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। 14 घंटे बाद भी विभागीय कर्मचारी फाल्ट दुरुस्त नहीं कर सके। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। बिजली न आने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही।
पावर हाउस महोबकंठ से खैरों, कनकुआं, चौका, सौरा, महोबकंठ, मानकी, टपरन, तेली पहाड़ी, मड़वारी, धरवार, चमर्रा समेत 50 गांवों में बिजली आपूर्ति होती है। शुक्रवार की सुबह चार बजे पावर हाउस की मुख्य लाइन में फाल्ट हो गया। इससे बिजली गुल हो गई। बिजली न आने से ग्रामीण क्षेत्रों मे पेयजल आपूर्ति ठप रही। ग्रामीणों ने मामले की सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों को दी लेकिन शाम छह बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
पूरे दिन बिजली गुल रहने से इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार परेशान रहे और अधिकांश लोगों ने दुकानें बंद रखी। वहीं, सबसे ज्यादा दिक्कत खेतों की सिंचाई कर रहे किसानों को हुई। बिजली न आने से किसानों के ट्यूबवेल नहीं चल सके। उधर, बिजली विभाग के अवर अभियंता अनीस अहमद का कहना है कि कर्मचारियों की टीम फाल्ट दुरुस्त करने में लगी है। जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।