हाईवे में सहकारी समिति कुलपहाड़ के सामने जाम लगाए किसानों को समझाती पुलिस।
- फोटो : MAHOBA
कुलपहाड़ (महोबा)। किसान सहकारी समिति कुलपहाड़ में 10 दिन से डीएपी खाद न मिलने से परेशान किसानों ने झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर समिति के सामने जाम लगा दिया। कोतवाली प्रभारी ने किसानों को समझाकर जाम खुलवाया। इस दौरान एक घंटे तक हाईवे पर आवागमन बाधित रहा।
किसान सहकारी समिति कुलपहाड़ पर खाद लेने के लिए सुबह से ही भीड़ हो गई। सुबह 10 बजे समिति पहुंचे कर्मचारियों ने बताया कि पॉस मशीन खराब है। इस कारण खाद का वितरण नहीं हो सकेगा। इस पर किसान भड़क गए और हाईवे पर जाम लगा दिया।
किसान मानसिंह, अरिमर्दन यादव, रामप्रकाश, पप्पू का कहना था कि वह एक पखवाड़े से खाद के लिए समिति के चक्कर लगा रहे हैं। खाद न मिलने से खेतों की बुआई नहीं हो पा रही है। वह सुबह छह बजे समिति आ गए थे। बाद में मशीन खराब होने की बात कहकर टहलाया गया।
कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ किसानों को समझाकर जाम खुलवाया। उधर, एसडीएम अरुण कुमार दीक्षित का कहना है कि नकद खाद लेने वाले किसानों के लिए खाद का वितरण शुरू करा दिया गया है। जिन किसानों को चेक से खाद लेना है, उन्हें मंगलवार को खाद वितरित कराई जाएगी। किसानों को खाद के लिए परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
श्रीनगर संवाद के मुताबिक साधन सहकारी संघ श्रीनगर में खाद वितरण के दौरान किसानों ने जमकर उपद्रव किया। लगी पॉस मशीन और कुर्सियां तोड़ दीं। इससे समिति में अफरा-तफरी मच गई। सचिव व अन्य कर्मचारी समिति में तालाब लगाकर भाग गए। सहाकारी निबंधक सहकारिता ने तोड़फोड़ करने वाले लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए।