पिछले एक सप्ताह से घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के चलते लोगाें का बुरा हाल है। जगह-जगह जलाए जा रहे अलाव से भी लोगों को गर्म कर पाने में नकाफी साबित हो रहे है। जहां अलाव के नाम पर महज थोड़ी बहुत लकड़ियां डालकर खानापूर्ति की जा रही है। बुधवार की रात से ही शुरू हुई बारिश ने ठंडक और बढ़ा दी है। जिससे हाड़कंपाऊ ठंड में लोगाें का बुरा हाल है। गुरुवार को सारा दिन सूर्यदेव के दर्शन न होने से लोग ठंड से कंपकंपाते रहे। वहीं तमाम लोगों ने नए साल का आनंद लेने के बजाए रजाई में बैठकर ठंड से बचाव किया। उधर शहर के नवीन कलेक्ट्रेट के पीछे निवासी हरिदास रैक्वार (7) गुरुवार को सुबह शौच क्रिया के लिए गया था। तभी उसे ठंड लग गई। घर आकर वह ठंड से अकड़ गया। परिजनाें ने उसे आग जलाकर तपाया। लेकिन कोई असर न होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर थाना पनवाड़ी के ग्राम अंडवारा निवासी छत्रपाल (85) को ठंड लगने से मौत हो गई।