पनवाड़ी (महोबा)। थाना पनवाड़ी क्षेत्र में निजी भूमि के पट्टों के नाम पर बालू का अवैध खनन करने वालों पर प्रशासन का चाबुक चला। खनिज विभाग व एसडीएम की संयुक्त टीम ने छापा मारकर खनन में लगी दो पोकलैंड और दो ट्रैक्टरों को सीज किया है। साथ ही पट्टा धारक के खिलाफ अवैध खनन का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पनवाड़ी क्षेत्र से निकली नदियों की बालू बारिश के मौसम में खेतों में जमा हो जाती है। खेतों से बालू निकालने के लिए खनिज विभाग की ओर से निजी भूमि के पट्टे किए जाते हैं। पनवाड़ी क्षेत्र में इस समय आधा दर्जन स्थानों पर निजी भूमि के पट्टे संचालित हैं। जहां श्रमिकों से काम कराने का प्रावधान है लेकिन अधिक कमाई के चक्कर में मशीनों से खनन कराते हुए सीमा क्षेत्र से अधिक स्थान पर खनन करा रहे हैं। नगारा घाट में मशीनों से अवैध खनन की सूचना पर एसडीएम जितेंद्र कुमार व खनिज विभाग के अधिकारियों ने छापा मारा। जहां से दो ट्रैक्टर व दो पोकलैंड मशीनों को खनन कार्य करते पकड़ा गया। जिन्हें थाने में खड़ा कराते हुए सीज किया गया है।
खान निरीक्षक मोहम्मद एजाज ने थाना पनवाड़ी में पट्टा धारक जगदीश के खिलाफ खनिज अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। जिला खनिज अधिकारी सनी कौशल का कहना है कि अवैध खनन किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा। छापामार कार्रवाई जारी रहेगी।