महोबा के कबरई सीएचसी में भगवान के चित्र बने टाइल्स को गंदा करने पर सीएचसी प्रभारी, एक डॉक्टर और तीन अज्ञात स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने का आरोप है। यह कार्रवाई विहिप के जिलामंत्री मयंक तिवारी की तहरीर पर की गई है।
विश्व हिंदू परिषद के कुछ कार्यकर्ता शुक्रवार रात करीब नौ बजे सीएचसी कबरई पहुंचे थे। सीढ़ियों के पास लगे भगवान के चित्र वाले टाइल्स पर गंदगी होने पर डॉ. महेश सिंह से सवाल किया। आरोप है कि डॉ. भड़क गए और अभद्रता कर जान से मारने की धमकी दी। जानकारी मिलने पर भाजपा के मंडल महामंत्री शांतनु तिवारी, बजरंग दल के जिला संयोजक विपिन भदौरिया, जीतू विश्वकर्मा, मयंक गुप्ता, अनूप सिंह आदि कार्यकर्ता भी सीएचसी पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।
हंगामे की सूचना पर सीएमओ डॉ. डीके गर्ग, एसडीएम जीतेंद्र कुमार व थानाध्यक्ष विनोद कुमार सीएचसी पहुंचे और हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया। अधिकारियों ने टाइल्स भी हटवा दिए। थानाध्यक्ष ने बताया कि सीएचसी प्रभारी डॉ. गौरव सिंह पटेल, डॉ. महेश सिंह व तीन अज्ञात स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच कराई जा रही है। सीएचसी प्रभारी का कहना है कि भगवान के चित्र बने टाइल्स लगे होने की उन्हें जानकारी नहीं थी। निर्माण के दौरान किसी ठेकेदार ने लगा दिए होंगे। टाइल्स निकाल दिए गए हैं।