महोबा/बेलाताल। ननौरा-बेलाताल मार्ग पर ऑटो की टक्कर से सरहज के अंतिम संस्कार से लौट रहे बाइक सवार जीजा की मौत हो गई जबकि पत्नी व बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन व उसके चालक की तलाश में जुट गई है।
कोतवाली कुलपहाड़ के रगौलिया बुजुर्ग गांव निवासी रामरती की सोमवार को चलती बाइक से गिरकर मौत हो गई थी। वह पुत्र के साथ बैंक से रुपये निकालने जा रही थी। मंगलवार को रामरती का अंतिम संस्कार होना था। इसमें शामिल होने के लिए कोतवाली क्षेत्र के करहराकलां गांव निवासी जीजा जगदीश उर्फ बाबादीन (55) अपनी पत्नी गोमती (50) व पुत्र बाबू (17) के साथ बाइक से रगौलिया बुजुर्ग गांव गया था।
अंतिम संस्कार के बाद दोपहर के समय वापस घर लौट रहा था। तभी ननौरा मोड़ के पास ऑटो ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार तीनों सड़क किनारे खाई में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी जैतपुर पहुंचाया गया। जहां जगदीश की मौत हो गई जबकि पत्नी व पुत्र का इलाज चल रहा है। सरहज के अंतिम संस्कार से लौट रहे जीजा की मौत से परिजनों व रिश्तेदारों में मातम छाया रहा। वह एक-दूसरे को ढांढ़स बंधाते रहे। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। इससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और एक की जान चली गई।