महोबा। अखिल भारतीय आंगनबाड़ी कर्मचारी महासभा ने शनिवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सदर विधायक राकेश गोस्वामी को सौंपा। इसमें मानदेय बढ़ाए जाने की मांग की है। महासभा की जिलाध्यक्ष सबीहा के नेतृत्व में जिलामंत्री फूलवती, अर्चना सोनी, अंजना शर्मा, मंजू चौरसिया, सविता रैक्वार ने विधायक को सौंपे ज्ञापन में बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका व मिनी आंगनबाड़ी वर्कर को प्रदेश सरकार ने सम्मानजनक मानदेय देने का वादा किया था। सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के बाद भी वही स्थिति है। बताया कि नवंबर माह में सीएम और राज्यपाल ने 1500 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोत्तरी का आश्वासन दिया था। जिसका लाभ आज तक नहीं दिया गया। उन्होंने आंगनबाड़ी, सहायिका व मिनी आंगनबाड़ी बहनों का मानदेय दस हजार रुपये प्रति माह किए जाने की मांग की है। (संवाद)