महोबा। गुजरात प्रांत में तबाही मचाने वाले चक्रवाती तूफान बिपरजॉय का आंशिक असर दो दिन बाद महोबा में भी दिख सकता है। मौसम विभाग ने बारिश का पूर्वानुमान जताया है। उनका कहना है कि 48 घंटे बाद बारिश हो सकती है। फिलहाल तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई है। हालांकि लोगों को गर्मी से निजात नहीं मिली है।
रविवार को दोपहर बाद बादलों की आवाजाही होती रही। जिससे लोगों को धूप से कुछ राहत मिली। बेलाताल स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. मुकेशचंद्र ने बताया कि बुंदेलखंड के इलाके में भी 48 घंटे बाद बिपरजॉय का आंशिक असर देखने को मिलेगा। हवाओं की रफ्तार बढ़ी है। रविवार को मौसम का अधिकतम तापमान 40 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 14 किमी प्रति घंटा जबकि आर्द्रता 34 फीसदी दर्ज की गई। दो दिन बाद बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है। इससे तापमान तेजी से गिरेगा। अधिकतम तापमान 31 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है जबकि हवाएं 26 से 30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलेंगी। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।