महोबा। कानपुर-सागर हाईवे पर तेज रफ्तार लोडर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दुर्घटना को अंजाम देने बाद लोडर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस ने लोडर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं और जान चली गई।
मध्यपद्रेश के जनपद छतरपुर के धरमपुर गांव निवासी महेंद्र कुमार अहिरवार (40) मंगलवार की दोपहर बाइक से किसी कार्य से महोबा आ रहा था। तभी हाईवे पर हमीरपुर चुंगी के पास तेज रफ्तार लोडर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद लोगों की भीड़ एकत्र होती देख लोडर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से युवक की शिनाख्त की गई। जिसके बाद पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लोडर और बाइक की भिड़ंत के दौरान हाईवे से गुजर रहे अन्य वाहन भी टकराते-टकराते बच गए।