कबरई (महोबा)। कानपुर-सागर हाईवे पर छानी मोड़ के पास बुधवार की देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। राहगीरों ने युवक को सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़ा देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। मृतक के कपड़ों से किसी प्रकार का पहचान पत्र बरामद न होने से उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है। बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।