श्रीनगर (महोबा)। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सूरा चौकी के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
श्रीनगर के मोहल्ला बड़ापुरा निवासी काशीप्रसाद अहिरवार का पुत्र सूरज अहिरवार (25) साथी विनोद (27) के साथ बाइक से कजली मेला देखने गया था। शुक्रवार देर रात दोनों घर लौट रहे थे। रास्ते में बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने सूरज को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पिता ने बताया कि पुत्र बीए तृतीय वर्ष का छात्र था।
इंसेट
सड़क दुर्घटनाओं में 11 लोग घायल
महोबा। कजियाना हमीरपुर निवासी रोहित (22) बाइक से शनिवार सुबह मुख्यालय से घर वापस लौट रहा था। दिसरापुर के पास बाइक अनियंत्रित होकर फिसलने से घायल हो गया। नरेड़ी निवासी पुष्पेंद्र (20) की बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई। इससे पुष्पेंद्र घायल हो गया। पिपरी निवासी विपिन, गोपालपुरा निवासी सुर्जन, कस्बाथाई निवासी सुकर्तन, पनारा निवासी नीरज, पचपहरा निवासी राजेश, सुभाषनगर निवासी अज्जू, गहरा निवासी रामपूजन, न्यारियनपुरा निवासी आसिफ व कलौली हमीरपुर निवासी जीतेंद्र अन्य सड़क हादसों में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। (संवाद)