महोबा। ग्राहकों के बैंक खातों से धोखाधड़ी कर रकम निकालने के मामले में फरार चल रहे इंडियन बैंक शाखा पनवाड़ी के सहायक अधिकारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आरोप है कि सहायक अधिकारी ने सात ग्राहकों के खातों से अपने परिचितों के खातों में 18.60 लाख की रकम ट्रांसफर कराई थी। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
इंडियन बैंक शाखा पनवाड़ी के उपभोक्ताओं ने खातों से रुपये निकलने की शिकायत बैंक प्रबंधक अजयकांत तिवारी समेत उच्चाधिकारियों से की थी। मामले की जांच जिला अग्रणी प्रबंधक और बैंक के अंचल कार्यालय हमीरपुर के सहायक प्रबंधक द्वारा की गई। जिसमें बैंक खातों से धोखाधड़ी कर निकाली गई रकम में बैंक शाखा में तैनात सहायक अधिकारी नारायण सिंह की संलिप्तता पाई गई। जांच में उजागर हुआ कि ग्राहकों के खातों से 18.60 लाख की धनराशि अपने परिचितों के खातों में ट्रांसफर कराई गई। पद का दुरुपयोग करते हुए यह काम किया गया। इसके बाद सहायक अधिकारी 11 अप्रैल 2023 से अनुपस्थित रहने लगे। शाखा प्रबंधक ने थाना पनवाड़ी में सहायक अधिकारी व अन्य लोगों के खिलाफ षड्यंत्र के तहत धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में फरार चल रहे सहायक अधिकारी नारायण सिंह को पुलिस ने रविवार को राठ तिगैला से गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष शशिकुमार पांडेय ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर धोखाधड़ी के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेजा गया है। आरोपी नारायण सिंह मूल रूप से जनपद जालौन के थाना कोट के दिरावटी गांव का निवासी है।