महोबा। कलक्ट्रेट सभागार में आयुष्मान भवः कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के दिल्ली में किए गए कार्यक्रम के शुभारंभ का सजीव प्रसारण दिखाया गया। सदर विधायक राकेश गोस्वामी, एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर, पालिकाध्यक्ष डॉ. संतोष चौरसिया व डीएम मृदुल चौधरी ने लोगों को अभियान से संबंधित जानकारी दी। डीएम ने कहा कि इस अभियान के तहत सभी हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर पर प्रत्येक शनिवार को और सीएचसी में रविवार को आयुष्मान मेला लगेगा। इसके साथ ही स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी होंगे। लोगों को रक्तदान व अंगदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। कहा कि सभी गांवों में शत-प्रतिशत गोल्डन कार्ड जनरेट किए जाएं और सभी नागरिकों की आभा आईडी बनाई जाए। इस मौके पर सीएमओ डॉ. आसाराम, एसीएमओ डॉ. पीके चौहान आदि मौजूद रहे।