फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahoba News: राईनृत्य व लोकगीतों की प्रस्तुतियों से कलाकारों ने बांधा समां

Sun, 03 Sep 2023 12:11 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, महोबा
विज्ञापन
विज्ञापन
महोबा। कीरत सागर तट पर चल रहे नौ दिवसीय ऐतिहासिक कजली मेले की दूसरी शाम बुंदेली लोकनृत्य के नाम रही। झांसी से आए कलाकारों ने राईनृत्य व लोकगीतों की प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कार्यक्रम देखने के लिए देर रात तक दर्शकों की भीड़ जुटी रही। आल्हा गायक अंकित व अनुज सिंह ने कीरत सागर तट पर हुई भुजरियों की लड़ाई का वर्णन कर आल्हा-ऊदल की वीरता का बखान किया।
विज्ञापन

कजली मेले की दूसरी शाम का शुभारंभ डीएम मनोज कुमार व सीडीओ चित्रसेन सिंह ने दीप प्रज्जवलन के साथ किया। इसके बाद आल्हा गायन, बांसुरी, बुंदेली लोकनृत्य आदि कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। लालता तिवारी एंड पार्टी ने बुंदेली लोकनृत्य की प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद झांसी से आई निशांत सिंह भदौरिया एंड पार्टी के कलाकारों ने राई नृत्य पेश किया। राईगीत ‘ओरछा में राजा विराजे चलो व्यथा सुनाओ’, ‘ऐसी माटी न भारत के खंड-खंड में जनम दइयो विधाता बुंदेलखंड में’, ‘उमरियाई गीत ए भई सोरा के पार उमरिया’ आदि गीताें पर नृत्य की प्रस्तुति देकर बुंदेली लोकसंस्कृति की झलक बिखेरी। गायक निशांत एंड पार्टी ने लोकगीत भूले पुरखन की रीत को कैसो आ गओ जमानौ सुनाकर वर्तमान परिवेश को बताया। देर रात तक चले कार्यक्रम में मेलाप्रेमी जुटे रहे। इस मौके पर एडीएम रामप्रकाश, एसडीएम जितेंद्र सिंह, पालिका ईओ अवधेश कुमार, जिला बचत अधिकारी सीएल साहू आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें