संवाद न्यूज एजेंसी
पनवाड़ी (महोबा)। कस्बा पनवाड़ी में दुकान बंदकर घर जाते समय बदमाशों की फायरिंग और हमले से घायल हुए लूटपाट के शिकार सराफा व्यापारी की मौत होने की घटना से जिले भर में आक्रोश है। आर्थिक सहायता व पत्नी को नौकरी दिलाने की मांग पर अड़े परिजनों ने रविवार को शव का अंतिम संस्कार नहीं किया।
देर रात और सोमवार की सुबह डीएम-एसपी मृतक के घर पहुंचे। अफसरों ने परिजनों की तीनों मांगें पूरी कराने का भरोसा दिया। तब सुबह पुलिस की मौजूदगी में सराफा व्यापारी के शव का अंतिम संस्कार हो सका। उधर, घटना के चार दिन बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकीं।
थाना पनवाड़ी के अलीपुरा निवासी अजयकांत सोनी 25 जनवरी को दुकान बंदकर बाइक से नकदी व जेवर से भरा बैग लेकर घर जा रहे थे। तभी घर से कुछ दूरी पहले बदमाशों ने सराफा व्यापारी को गोली मार दी और धारदार हथियार से हमला करने के बाद लाखों की नकदी और आभूषण लूट ले गए थे। रविवार की सुबह व्यापारी की झांसी में इलाज दौरान मौत हो गई थी। दोपहर बाद शव घर आने के बाद परिजन 10 करोड़ के मुआवजे, मृतक की पत्नी को नौकरी व आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़ गए थे।
देर शाम तक कोई निष्कर्ष न निकलने पर अंतिम संस्कार नहीं हो सका था। रात करीब 11 बजे डीएम मृदुल चौधरी व एसपी अपर्णा गुप्ता मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। डीएम ने सभी मांगें लिखकर देने की बात कही। ताकि, उन्हें शासन स्तर पर भेजकर पूरा कराया जा सके। परिजनों को एक करोड़ रुपये, मृतक की पत्नी मीना को तृतीय श्रेणी की नौकरी, बच्चों की निशुल्क पढ़ाई और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई कराने का भरोसा दिया।
सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल और भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश गुप्ता भी परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा देते रहे। सात घंटे तक वार्ता के बाद परिजन अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हुए। सोमवार की सुबह एक बार फिर डीएम, एसपी व एडीएम रामप्रकाश पनवाड़ी पहुंचे और पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कराया गया। पत्नी व दोनों बच्चे शव से लिपटकर दहाड़े मारकर रोने लगे। तब परिजनों और रिश्तेदारों ने उन्हें किसी तरह संभाला। थानाध्यक्ष अवधेश कुमार मिश्रा का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
इंसेट
घटना के विरोध में व्यापारियों ने दुकानें बंद रख की नारेबाजी
फोटो 29 एमएएचपी 09 परिचय-एसपी अपर्णा गुप्ता को ज्ञापन सौंपते उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी।
महोबा/श्रीनगर। लूटपाट के शिकार सराफा व्यापारी की मौत की घटना से व्यापारियों में आक्रोश है। सोमवार को कस्बा श्रीनगर के व्यापारियों ने बाजार बंद रख विरोध जताया। व्यापारियों ने एसपी से संबोधित ज्ञापन थानाध्यक्ष को सौंपा। इसमें परिजनों को मुआवजा व सुरक्षा देने की मांग की। कहा कि बाजार में पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई जाए। ज्ञापन देने वालों में उद्योग व्यापार मंडल के श्रीनगर अध्यक्ष क्रांतिप्रकाश गुप्ता आदि मौजूद रहे। शहर में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष हरीश्चंद्र साहू, जिला महामंत्री रामजी गुप्ता, युवा जिलाध्यक्ष मनु गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने एसपी अपर्णा गुप्ता को ज्ञापन देकर घटना का जल्द खुलासा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।