कबरई/खन्ना। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को सीएचसी कबरई का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों का हालचाल जानने के बाद पंजीकृत मरीजों की संख्या देखी। उन्होंने डॉक्टरों को हिदायत दी कि मरीजों को बाहर की दवाएं न लिखीं जाएं। यदि कोई डॉक्टर बाहर की दवा लिखते पाया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. धनेश कुमार गर्ग को निर्देश दिए कि अस्पताल की सफाई व्यवस्था और बेहतर की जाए। मीनू के हिसाब से मरीजों को भोजन मुहैया कराया जाए। डिप्टी सीएम के आने की सूचना पर कस्बे के संतोष कुशवाहा, राजेंद्र प्रजापति, सत्तीदीन, रवि यादव, रियाज मोहम्मद समेत दो दर्जन से अधिक लोग सीएचसी पहुंच गए। उन्होंने एक दशक से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान और डूडा विभाग के कर्मचारियों द्वारा की जा रही धन उगाही की जांच कराए जाने की मांग की। कस्बावासियों ने बताया कि एक दशक से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से पानी नहीं आ रहा है। टैंकरों से कराई जा रही आपूर्ति नाकाफी है। उन्होंने दोनों मामलों का ज्ञापन सौंपा।
खन्ना संवाद के अनुसार दो दिन के जिला भ्रमण पर आए डिप्टी सीएम ने कस्बे में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवशंकर सिंह के फॉर्म हाउस पर जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। कहा कि भाजपा सरकार में अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा रही है। सरकार की योजनाओं का जन-जन तक लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कस्बे की पीएचसी को सीएचसी का दर्जा दिए जाने की बात कही। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष ने डिप्टी सीएम को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस मौके पर सदर विधायक राकेश गोस्वामी, एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर, तेज प्रकाश शिवहरे, आकाशदीप मौजूद रहे।