महोबा। कृषि विभाग की एग्री स्टैक फसल सर्वेक्षण योजना के कार्य से जिले के लेखपालों ने हाथ खड़े कर लिए हैं। इसको लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर फसल सर्वेक्षण का कार्य न कराने की मांग की है। ऐसे में फसलों के सर्वे का काम समय से पूरा होना मुश्किल नजर आ रहा है।
लेखपाल संघ के अध्यक्ष शिवप्रसाद व मंत्री राकेश कुमार ने एसडीएम जीतेंद्र सिंह को सौंपे ज्ञापन में बताया कि कृषि विभाग की ऋण मोचन योजना, किसान सम्मान निधि व स्वामित्व योजना का कार्य लेखपालों ने अकेले किया। इन योजनाओं में कृषि विभाग के कर्मचारियों का कोई सहयोग नहीं रहा लेकिन आवंटित बजट का उपयोग कृषि विभाग ने कर लिया। सम्मान निधि योजना में किसानों के घर घर जाकर आधार कार्ड, बैंक पासबुक, खतौनी नकल संकलित कर उनकी फोटो कापी आदि में किसानों का हजारों रुपये खर्च हो गया। योजना सफल होने के बाद पूरा श्रेय व सम्मान कृषि विभाग को दिया गया।
ज्ञापन में बताया कि लेखपालों के अधिकांश पद रिक्त हैं। एक एक लेखपाल पर दो से तीन गांवों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कृषि विभाग की फसल सर्वेक्षण योजना का कार्य लेखपालों से न कराए जाने की मांग की है। इसको लेकर संघ के प्रदेश अध्यक्ष राममूरत यादव ने भी मुख्य सचिव को पत्र भेजा है। ऐसे में कृषि विभाग की इस योजना का सर्वे समय से पूरा होना मुश्किल दिखाई दे रहा है।