चरखारी (महोबा)। कस्बा चरखारी के जय सागर तालाब में नशे की हालत में गिरने से युवक की मौत हो गई। कस्बे के रामनगर निवासी पप्पू (45) बुधवार को जय सागर तालाब के किनारे बैठा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक नशे की हालत में था। जो तालाब में गिर गया। उसे डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया। गहराई में जाने से पुलिस और गोताखोरों को सूचना दी गई। गोताखोरों की मदद से युवक को तालाब से बाहर निकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार का कहना है कि नशे की हालत में युवक के तालाब में गिरने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)