कुलपहाड़ (महोबा)। इंटरनेशनल डांस डे के अवसर पर नगर के एक स्कूल में बच्चाें ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
श्री रामरतन भुवनेश कुमार पब्लिक स्कूल के सभागार में रविवार को आयोजित समारोह की शुरुआत आजा नच ले के शीर्षक गीत से हुई। श्रुति राजपूत, स्नेहा, सृष्टि, श्रुति अग्रवाल व शिफा मंसूरी के नृत्य पर सभी दर्शक झूमने को मजबूर हो गए। इसके बाद क्लास केजी के बच्चाें ने शरारा-शरारा गीत पेश कर जमकर तालियां बटोरीं। छात्रा इमराना, योग्यता, प्रीति, रुपम, निष्ठा व श्रेया की आकर्षक कास्ट्यूम ने गीत की प्रस्तुति को और भी सुंदर बना दिया। भारती पालीवाल व उनकी टीम ने राजस्थान का घूमर नृत्य पेश किया। भारती ने सिर पर कलश रखकर थाली पर नृत्य कर सभी को प्रभावित किया। गुजरात के नृत्य ने भी जमकर रंग जमाया। इससे पूर्व विद्यालय के निदेशक राकेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि नृत्य भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है। मंदिराें से नृत्य की शुरुआत हुई। भगवान शंकर और श्रीकृष्ण का नृत्य से गहरा संबंध रहा है। प्रधानाचार्य अमित अग्रवाल ने कहा कि नृत्य करने से न केवल शरीर फिट रहता है बल्कि व्यक्तित्व भी आकर्षक बनता है।