संवाद न्यूज एजेंसी
चरखारी (महोबा)। राजकीय कृषि भंडार केंद्र में बीज की किट लेने के लिए पहुंच रहे किसानों को परेशानी हो रही है। मशीन में फिंगर प्रिंट न आने के चलते बीज नहीं मिल पा रहा है। मंगलवार को पूरे दिन लाइन में लगने के बाद 30 किसान बिना बीज लिए ही निराश होकर लौट गए। जिससे उनमें मायूसी नजर आई।
ब्लाॅक क्षेत्र में रहने वाले किसानों को राजकीय कृषि बीज भंडार में हाईब्रिड चना का 16 किलो, मंसूर आठ किलो, अलसी व राई का दो-दो किलो निशुल्क बीज वितरण किया जा रहा है। बीज की किट लेने के लिए किसान अपना आधार कार्ड व किसान पंजीयन लेकर बीज भंडार में पहुंच रहे हैं। भीड़ अधिक होने के चलते किसानों को लाइन में लगाना पड़ रही है।
मंगलवार को विभिन्न गांवों से 100 से अधिक किसान लाइन में लगे रहे। शाम तक 30 से अधिक किसानों के फिंगर मशीन में उंगलियों के निशान न आने से वापस लौटना पड़ा। अस्थौन निवासी लक्ष्मी प्रसाद, इमलियाडांग निवासी परमेश्वरी दयाल, बराय निवासी मनीराम, अकठौंहा निवासी मथुरा प्रसाद आदि किसानों को बीज किट नहीं मिली। बीज गोदाम प्रभारी अरविंद कुटार ने बताया कि बगैर फिंगर प्रिंट अपलोड हुए निशुल्क किट नहीं दी जा सकती।