रेलवे स्टेशन में किसान को पड़ा अटैक, मौत
खरेला (महोबा)। इलाज के लिए झांसी जा रहे किसान की रेलवे स्टेशन झांसी में अटैक पड़ने से मौत हो गई। शव गांव आने पर परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल रहा। कस्बा खरेला निवासी जगदीश चंद्र पचौरी (65) कुछ दिन से बीमार चल रहे थे। रविवार की रात उनकी पत्नी उन्हें ट्रेन से इलाज कराने झांसी जा रही थी। रेलवे स्टेशन झांसी में पहुंचते ही किसान जगदीश चंद्र को अचानक अटैक पड़ा और वह परिसर में गिर गए। जिससे आसपास मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में घटना की सूचना जीआरपी पुलिस को दी गई। पुलिस किसान को रेलवे अस्पताल ले गई। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजनों की मौजूदगी में किसान का झांसी जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। शव गांव आने पर परिजन गमगीन हो गए। ब्यूरो