संवाद न्यूज एजेंसी
बेलाताल (महोबा)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत ब्लॉक जैतपुर परिसर में सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें 19 जोड़े का विवाह कराया गया। अलग-अलग मंडपों में 18 वर-वधू ने वैदिक-मंत्रोच्चार के बीच हिंदू रीति-रिवाज से वैवाहिक बंधन में बंधकर जीवन भर साथ रहने का वचन लिया। इस दौरान एक मुस्लिम जोड़े का निकाह हुआ। विदाई के बाद नवविवाहिता अपने जीवनसाथी के साथ ससुराल के लिए रवाना हुईं।
ब्लॉक परिसर में सुबह से ही वर व वधू पक्ष के लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। सम्मेलन में मुस्लिम जोड़े की शादी में जुबेदा का निकाह अब्दुल से कराया गया। वहीं सामूहिक विवाह के दौरान माहेश्वरी-बालमुकुंद, प्रीति-अमित, लक्ष्मी-देवपाल, विनीता- मुकेश, अभिलाषा- पुष्पेंद्र, चांदनी-अर्जुन, रचना-सोकेंद्र, पिंकी-अमित, सुषमा-अंकित समेत 19 जोड़ों की शादी हुईं। इस दौरान अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने वर-वधू को विवाह प्रमाण पत्र सौंपा और आशीर्वाद देकर सुखमय जीवन की कामना की।
सम्मेलन में ब्लाॅक प्रमुख संदीप राजपूत, तहसीलदार दिवाकर मिश्रा, समाज कल्याण अधिकारी अभय कुमार सिंह, बीडीओ मूलचंद, कुलपहाड़ नगर पंचायत अध्यक्ष वैभव अरजरिया, डॉ. कौशल सोनी, डॉ. कमलेश सक्सेना, चक्रपाणि त्रिपाठी, सचिव निजाम अली आदि मौजूद रहे।