कबरई महोबा। थाना करबई के ग्राम सुरहा में कर्ज से परेशान एक किसान ने खेत के पास लगे पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। ग्रामीणों ने किसान के पेड़ में लटके होने की सूचना परिजनों को दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम सुरहा निवासी बल्दू अनुरागी 52 पुत्र नत्थू के पास करीब पौने दो हेक्टेयर जमीन है। किसान ने जमीन को बंधक रखकर इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक से केसीसी बनवाकर कर्ज लिया था। दो साल से फसले अच्छी न होने के कारण कर्ज की अदायगी नहीं हो सकी। इस साल भी खरीफ फसल की तैयारी चल रही थी लेकिन बारिश न होने से खरीफ की फसल की भी बुआई की उम्मीद खत्म हो जाने से किसान ने रविवार की शाम सात बजे खेत के पास लगे एक पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक के भाई कामता ने बताया कि बडेे़े भाई बल्दू ने दो साल पहले कर्ज लिया था लेकिन सरकार की कर्जमाफी योजना के तहत उनका कर्ज माफ नहीं हुआ, जिससे वह कर्ज की अदायगी को लेकर खासा परेशान रहता था। रविवार की शाम को चार बजे घर से खेतों की तरफ गए और फांसी लगा ली। शाम को कुछ लोग खेत से लौटे तो उनका शव पेड़ पर लटकता देखकर घर में सूचना दी। एसडीएम सदर राजेश कुमार का कहना है कि उन्हें घटना का पता नहीं है फिर भी पता लगाया जा रहा है।
कर्ज से परेशान किसान ने फांसी लगाकर दी जान
-किसान पर 17 हजार रुपये बैंक का था कर्ज