महोबा। अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में मां-बेटी समेत 10 लोग घायल हो गए। थाना खरेला के पाठा गांव निवासी अजय कुमार शुक्रवार की शाम बाइक से चाची प्रांशी (25), उसकी आठ माह की बेटी रिया व बहन ऊषा (18) के साथ हमीरपुर के सरीला से शादी समारोह से लौट रहा था। परथनियां गांव के पास सड़क पर बने ब्रेकर में बाइक उछल गई। इससे प्रांशी, उसकी बेटी रिया और ऊषा गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को सीएचसी खरेला पहुंचाया गया। वहीं बम्हौरी निवासी सुशीला, श्रीनगर निवासी सीमा, बगमऊ निवासी आयुष, बजरंग वार्ड निवासी युवराज, सुभाषनगर निवासी प्रेम सिंह, कुनाटा निवासी चरन और कुसुम अन्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चरन की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। (संवाद)