विदेश कमाने गए युवक से शांतिभंग का खतरा
परतावल। श्यामदेउरवां पुलिस को विदेश में गए एक युवक से शांतिभंग का खतरा है। पुलिस ने उसे शांतिभंग में पाबंद कर दिया है। उधर, पुलिस की ओर से नोटिस पहुंचने के बाद से युवक के घरवाले परेशान हैं। उन्हें समझ आ रहा कि युवक को मजिस्ट्रेट के सामने पेश कैसे करें।
जानकारी के मुताबिक, बड़हरा बरईपार गांव के 43 लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। इनमें गांव के आफताब का भी नाम है, जो छह माह पहले विदेश जा चुका है। उसके घर 7 अगस्त की शाम को नोटिस पहुंचा, जिसमें 8 अगस्त को उपजिलाधिकारी सदर के सामने पेश होने को कहा गया ता।
आफताब के पिता मुस्तकीन ने बताया कि उनका बेटा कमाने के लिए छह महीने से अधिक समय से विदेश में हैं। उसके नाम से नोटिस आ गया है। समझ में नहीं आ रहा है कि क्या करें। क्षेत्राधिकारी सदर अजय सिंह चौहान ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद