सिंदुरिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कसमरिया-बागापार रोड स्थित बाल्मीकि नगर चौराहा पर अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, दिलीप मिश्र (45) निवासी मुजहना बुजुर्ग अपने साढ़ू के यहां थाना कोतवाली ग्राम सिसवनिया में ब्रह्मभोज में गए थे। वहां से वह अपने घर मुजहना बुजुर्ग वापस आते समय अभी कसमरिया के बाल्मीकि नगर चौराहे पर पहुंचे ही थे कि सिंदुरिया की तरफ से जा रहे अज्ञात वाहन टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर गए। घायलावस्था में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक दिलीप अपने दो अन्य भाइयों धर्मेंद्र और संदीप में बीच के थे। मृत्यु की सूचना पाकर परिजनों का रो-रो के बुरा हाल है। मृतक के दो बच्चों में एक बेटा आठ वर्ष और बेटी छह वर्ष की है। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह के अनुसार शव को कब्जे में ले लिया गया है, लेकिन अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।