18 वर्षीय सावित्री ने मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही दम तोड़ दिया
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पनियरा थाना क्षेत्र के पनियरा-मुजुरी मार्ग पर करमहिया तिराहे के पास गुरुवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे बाइक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए। सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही 18 वर्षीय सावित्री ने दम तोड़ दिया।
अकटहवा डोमरा निवासी मंदीप निषाद अपने भाई अमित और बहन सावित्री के साथ बाइक से श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के पिपरा अन्हया से घर लौट रहे थे। वे करमहिया तिराहे पर पहुंचे ही थे कि मुजुरी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ऑटो ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में सावित्री, मंदीप और अमित घायल हो गए। सावित्री को अंदरूनी चोटें आईं, जबकि मंदीप का दाहिना पैर टूट गया।
इसी हादसे में गिरगीटिया निवासी हेमंत पुत्र सुदामा के सिर और कंधे में भी गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मंदीप, सावित्री और हेमंत को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने सावित्री को मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में एसओ कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।