महराजगंज। शुक्रवार की रात भिटौली थाने की पुलिस को एक युवक के अपहरण की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और युवक का पता लगाना शुरू कर दिया। सर्विलांस की मदद से मोबाइल को ट्रेस कर युवक को गोरखपुर बस स्टेशन से बरामद कर लिया। युवक का अपहरण कौन किया था और क्यों किया था, कारण जानकर हर कोई हैरान हो गया। प्यार में धोखा खाए युवक ने खुद ही अपने अपहरण की कहानी रची थी।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 10:30 बजे सोहरौना राजा निवासी खुर्शीद आलम ने भिटौली पुलिस को सूचना दिया कि उनका लड़का सलमान जो सात माह पूर्व सऊदी से वापस आया है। शुक्रवार को घर से 11 बजे बाइक से निकला और अभी वापस नहीं आया, फोन भी नहीं रिसीव कर रहा है। उसके मोबाइल से मैसेज आया है कि तुम्हारे लड़के का अपहरण हो गया है। मैसेज कर 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सर्विलांस सेल की मदद से फोन को ट्रेस कर दो घंटे के अंदर गोरखपुर बस स्टैंड से बरामद कर लिया गया।
प्रेमिका से हुई तकरार तो बाहर भागने का बनाया प्लान
पुलिस की पूछताछ में युवक ने बताया कि उसका सहजनवा क्षेत्र की रहने वाली एक लड़की से प्रेम संबंध है। वह बार-बार मिलने के लिए बुला रही थी। मना करने पर वह जहर खाने की बात कह रही थी। उसकी जीद को देखते हुए उससे मिलने के लिए निकल गया। रास्ते में पंजाब नेशनल बैंक भिटौली से पचास हजार रुपया निकाला और गोरखपुर पहुंच गया। वहां अपनी गाड़ी एक हास्पिटल के परिसर में खड़ी कर सहजनवा चला गया। फोन पर बात करते हुए ही प्रेमिका से तकरार हो गया और वह नाराज होकर मिलने नहीं आयी। देर होने के कारण घर से बार-बार फोन आने लगा तो घरवालों का नंबर ब्लैक लिस्ट में डाल दिया। मन बहुत दुखी था, घर जाने की इच्छा नहीं हुई तो घर वालों से रुपये लेने के लिए खुद के अपहरण का बहाना बनाया और 15 लाख रुपये की मांग कर डाली। रुपया लेकर बाहर भागने की तैयारी कर ही रहा था कि पुलिस ने पकड़ लिया।