निचलौल। कस्बे के कटरा चौराहा स्थित आभूषण की दुकान से रविवार को चोरी करते हुए लोगों ने एक युवक को पकड़ कर उसकी धुनाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। उसके पास से पायल बरामद हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीएचसी में उसका इलाज कराया। इसके बाद थाना लाकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई। कटरा चौराहा स्थित पार्वती आभूषण केंद्र के मालिक मनोज वर्मा ने बताया कि शाम में वह दुकान छोड़कर बगल में गए हुए थे। इसी दौरान दुकान खाली देख एक युवक घुस गया और ऊपर शो केस में रखा पायल चुरा लिया। वह वापस लौटे तो उन्हें देख युवक भागने लगा, जिसे दौड़ाकर पकड़ लिया गया। युवक के पास से दो जोड़ी चांदी का पायल बरामद हुआ। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि पकड़ा गया युवक नशे में धुत था। दुकानदार ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद