अगले माह से ले सकेंगे जंगल सफारी का आनंद
पर्यटन स्थल के रुप में सोहगीबरवां वन्यजीव प्रभाग को विकसित करने में मिलेगी मदद
महराजगंज। सोहगीबरवां वन्यजीव प्रभाग में अगले माह सफारी का शुभारंभ हो सकता है। सफारी शुरू होने से जिले एवं दूरदराज से आने वाले पर्यटक इसका आनंद ले सकेंगे। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
सोहगीबरवां वन्यजीव प्रभाग में कुल सात रेंज हैं, जिसमें से पांच वन क्षेत्र आपस में जुड़े हैं। इन पांचों वन क्षेत्रों में जंगल सफारी को चलाने के लिए प्रशासन व वन विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से अप्रैल माह में प्रयास किया था, लेकिन वाहन व अन्य व्यवस्थाओं के पूरा नहीं होने से संचालन प्रारंभ नहीं हो सका। इसके बाद बरसात के मौसम को देखते हुए इसे शुरू नहीं किया गया। अब अधिकारियों की ओर से सफारी को अगले माह से शुरू करने की योजना है। सब कुछ ठीक रहा तो सितंबर माह में जंगल सफारी का औपचारिक शुभारंभ किया जा सकता है।
सफारी चलाने के लिए तय हैं दो रूट
जंगल सफारी के लिए जो दो रूट निर्धारित किए गए हैं, उसमें पहला दक्षिणी चौक के कुसमहवा से प्रारंभ होकर सफारी कंपार्ट 24, ट्रॉम वे चौराहा तथा मधवलिया तक जाना और फिर वापस आना है। वहीं, दूसरे रूट के तहत बरगदवा से प्रारंभ होकर गनेशपुर, देईभार होते हुए सिंगरहना तक जाना और वापस आना तय है। दोनों रूटों पर लगभग 35 से 40 किलोमीटर की यात्रा होगी।
पर्यावरण विकास समिति का होगा गठन
जंगल सफारी की व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित किए जाने के लिए पर्यावरण विकास समिति का गठन होगा। इससे जुड़े लोगों के देखरेख में वाहन चलेगी। इस बात का भी ध्यान रखा जाएगा कि वाहनों के संचालन से वन एवं वन्यजीवों को कोई खतरा उत्पन्न न हो। समिति में स्थानीय लोगों को शामिल किया जाएगा।
सोहगीबरवां में जंगल सफारी को प्रारंभ किए जाने के बारे में प्रधान मुख्य वन संरक्षक की ओर से रिपोर्ट मांगी गई है। उसे भेज दिया गया है।
- पुष्प कुमार कांधला, प्रभागीय वनाधिकारी सोहगीबरवां
सोहगीबरवां वन्यजीव प्रभाग प्राकृतिक व वन्यजीव दोनों रुप से समृद्ध है। पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहल की जा रही है। सितंबर माह में सफारी के शुभारंभ होने की उम्मीद है। इसके शुरू होने से पर्यटकों को घूमने-फिरने में काफी सहूलियत होगी।
- सत्येंद्र कुमार, जिलाधिकारी