आईटीएम में शुक्रवार व शनिवार को प्रशिक्षित होंगे पार्टियों के कार्मिक
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के दस निकायों में चार मई को होने वाले मतदान को बेहतर ढंग से कराने के लिए कार्मिकों को शुक्रवार व शनिवार को प्रशिक्षित किया जाएगा। चेहरी स्थित आईटीएम में दोनों दिन दो चरणों में प्रशिक्षण होगा। प्रत्येक चरण मेंं 102-102 पोलिंग पार्टियों का प्रशिक्षण कराया जाएगा।
प्रभारी अधिकारी कार्मिक संतोष कुमार राय ने बताया कि जिले के दो नगर पालिकाओं व आठ नगर पंचायतों में चुनाव कराने के लिए कुल 407 पोलिंग पार्टियां बनी हैं। पोलिंग पार्टी के पीठासीन अधिकारी के साथ ही मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय व तृतीय को प्रशिक्षित किया जाएगा। सभी को उनके कार्यों व दायित्वों के बारे मेें जानकारी देने के लिए प्रशिक्षक के रूप में परियोजना निदेशक आरडी चौधरी व जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ राय को जिम्मेदारी प्रदान की गई है। प्रशिक्षण तीन घंटे चलेगा। कार्मिकों को प्रशिक्षण देने के लिए सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। सभी कार्मिक समय से मौजूद रहकर प्रशिक्षण प्राप्त करें।