बस स्टेशन के पास ऊनी कपड़ो की खरीदारी करते लोग।
महराजगंज। सर्दी और सहालग की वजह से ऊनी कपड़ों का बाजार गर्म हो गया है। तरह-तरह के जैकेट, स्पोर्ट्स लुक वाली कैप से लेकर क्वालिटी वाले कंबलों की बिक्री बढ़ गई है। दुकानदार सहालग को देखते हुए ऐसे कपड़ों की रेंज से दुकानों को सुसज्जित कर चुके हैं जो फैशन के अनुसार युवाओं को आकर्षित कर रहे हैं। ऊनी कपड़ों के साथ-साथ कंबलों की जबरदस्त मांग है। पारंपरिक रजाई की जगह फलालैन व पोलर के कंबलों की खूब मांग हो रही है। ख्यालय के कारोबारी अभिषेक ने बताया कि ऊनी कपड़ों की खरीदारी के लिए ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। लोग बच्चों के लिए ऊनी कपड़ों की खरीदारी की मांग अधिक कर रहे हैं। दुकानों पर बच्चों के लिए सुपरहीरो स्वैटर, जैकेट, माउस व मंकी कैप, बाडी वार्मर क्लाथिंग की अच्छी रेंज 400 से शुरू है। ग्राहक बच्चों के लिए ऐसे कपड़े खरीद रहे हैं जो ठंड से सुरक्षित रखने में कारगर साबित होने के साथ ही फैशनेबल भी हों। स्टाइलिश मोजा और दस्तानों की भी डिमांड है।