महराजगंज। आजीविका समूह की महिलाएं तरह-तरह के उत्पाद तैयार कर रही हैं। यह न सिर्फ बाजार की ब्रांडेड कंपनियों से कम मूल्य के हैं, बल्कि, स्वाद, सुगंध और गुणवत्ता के मामले में उनसे बेहतर हैं। महिलाओं के हुनर और श्रम को अब विस्तृत खुला बाजार मिलेगा। इसके लिए सदर ब्लॉक में शक्ति उत्सव के तहत 24 समूह की महिलाओं को ऑनलाइन मार्केटिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। अपने उत्पाद को कैसे डिजिटल प्लेटफार्म पर उतारें और कैसे इसकी बिक्री की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए इसकी जानकारी उन्हें एक्सपर्ट समझाएंगें। एडीओ आईएसबी सदर के निर्देशन में बीएमएम शेषनाथ मौर्य ने इच्छुक समूहों से संपर्क प्रारंभ कर दिया है। ग्रामीण आजीविका मिशन की महिलाएं जनपद में तेजी से आत्मनिर्भर हो रही हैं। बांसपार बैजौली, सिसवां बाबू, बागापार की महिलाएं अचार, मुरब्बा, मिर्च, गुड़ रामदाना,तिल, मूंगफली की चिक्की के साथ पिसे सब्जी व गर्म मसाले का उत्पादन में अग्रणी हैं। विभाग अब इन्हें उत्पाद बिक्री के लिए सुलभ बाजार उपलब्धता के लिए ऑनलाइन मार्केटिंग की ट्रेनिंग देगा। सदर बीएमएम शेषनाथ ने बताया कि आनलाइन मार्केटिंग एक्सपर्ट को इसके लिए आमंत्रित किया जा रहा है। संवाद