-बीडीओ ने वन ग्राम में भ्रमण करने का दिया आदेश, एडीओ आईएसबी की मौजूदगी में दी गई जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। वन ग्राम में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए सदर ब्लाॅक के बीडीओ ने कवायद शुरू की है। इसके तहत एडीओ आईएसबी, सचिव और समूह की महिलाएं वन ग्राम में जाकर लोगों को मतदान के लिए जागरूक करेंगी। पहले चरण में पांच मतदान बूथों से लोगों को जागरूक करने की तैयारी है। यहां डोर टू डोर जागरूकता के बाद अन्य बूथों को चयनित किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को बीडीओ सदर अतुल कुमार ने एडीओ आईएसबी की मौजूदगी में आजीविका समूह की महिलाओं से वार्ता की। उन्होंने बांसपार बैजौली, बड़हरा रानीपुर व चौक के वन ग्राम स्थित पांच बूथों का जिक्र करते हुए कहा कि वन ग्राम के लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने का कार्य करना है। वन ग्राम के लोगों को बेहतर सुविधा और सहूलियत मिले इसको बताते हुए मतदान के लिए तैयार करना है।
वन ग्राम के लोगों की अपनी दिनचर्या होती है, क्योंकि वह जंगल से मिलने वाले उत्पाद पर ही अधिकतर निर्भर रहते हैं। उन्हें बताना होगा कि मतदान से ही उनके गांव में पक्की सड़क, स्कूल, शौचालय और स्वास्थ्य केंद्र स्थापित होंगे। बिजली पानी की बेहतर सुविधा के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ भी आसानी से मिलेगा। इस अवसर पर एडीओ आईएसबी नागेंद्र पांडेय, शकुंतला देवी बासपार बैजौली, निर्मला, अनीता, कृष्णावती व बड़हरा के रोहिणी, दीपा, अनीता मौजूद रहे।
-
मतदान प्रतिशत बढ़े और वन ग्राम के लोग वोट का महत्व समझें इसके लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। समूह की महिलाओं से इस संदर्भ में वार्ता कर जागरूक किया गया है। -
अतुल कुमार, बीडीओ सदर