महराजगंज। शारदीय नवरात्रि के छठे दिन शनिवार को श्रद्धालुओं ने माता के कात्यायनी स्वरूप की आराधना की। देवी मंदिरों में पुरुषों से अधिक महिलाओं की भीड़ देखी गई। महिलाओं ने माता का दर्शन पूजन करते हुए अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मांगा। आद्रवन लेहड़ा देवी मंदिर में पिछले दिनों की भांति सर्वाधिक भीड़ देखी गई। दूर के श्रद्धालु देर रात ही दर्शन की इच्छा लेकर मंदिर पहुंचे जिन्होंने सुबह की आरती के बाद खुले मंदिर कपाट के बाद पहला दर्शन किया। महिला श्रद्धालुओं ने माता को नारियल, चुनरी, वस्त्र और श्रृंगार की वस्तु जिसमें चांदी का छत्र, बिंदी, चूड़ी, सिंदूर व मिष्ठान अर्पित कर माता से सुख समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। इसी तरह बनैलिया माता मंदिर और कुड़िया देवी मंदिर में पूरे दिन दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। माता को विभिन्न चढ़ावा अर्पित कर परिवार परिवार के लिए आशीर्वाद मांगा।