नौतनवा। नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अड्डा बाजार में चिकित्सक की कमी से लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा नहीं मिल पा रही है। यहां आने वाले मरीजों को फार्मासिस्ट से ही इलाज कराना पड़ता है। क्षेत्र की करीब 50 हजार की आबादी इस पीएचसी पर इलाज के लिए आती है।
तहसील क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सीय सुविधा देने के लिए 14 फरवरी 1999 में अड्डा बजार में नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण शासन द्वारा कराया गया। यहां बैरवा बनकटवा, बैरवा चंदनपुर, बैरवा जंगल, सुकरौली उर्फ सूर्यपुरा, चकदह, रामनगर, हनुमानगढ़ियां, धोतिअहवा, कजरी आदि गांवों के लोग इलाज के लिए आते हैं।
बृहस्पतिवार को सूर्यपुरा गांव से इलाज कराने आए दूधनाथ ने बताया कि उन्हें बीपी की समस्या है। पैर व कमर में दर्द है। इलाज कराने आए थे तो चिकित्सक न होने से फार्मासिस्ट से इलाज करवाया और दवा लिया।
इलाज के लिए आई रामनगर गांव की रीमा ने बताया कि उन्हें यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (यूटीआई) की समस्या है। महिला चिकित्सक न होने से फार्मासिस्ट से दवा ली है। जिला मुख्यालय जाकर इलाज कराना पड़ेगा। इसके अलावा रामराजी ने बताया कि वह बैरवा बनकटवा से इलाज कराने आई थी। पेट में दर्द और गैस की समस्या है। बैरवा चंदनपुर की माया का कहना है कि शरीर में सूजन है और बीपी बढ़ जाती है। चिकित्सक न होने से परेशानी हो रही है। इलाज कराने आई अड्डा बाजार की इसरावती ने बताया कि उन्हें शुगर और बीपी की समस्या है पर चिकित्सक न होने से फार्मासिस्ट से दवा लिया है।
इलाज कराने आए अनुष्का, नंदनी, दुलारी, चंदन, आशीष आदि ने बताया कि लगभग पांच साल से चिकित्सक की तैनाती न होने से फार्मासिस्ट सुदामा यादव ही मरीजों का इलाज कर रहे हैं। अस्पताल में फार्मासिस्ट के अलावा स्टाप नर्स शीला सिंह, वार्ड ब्वाय बृजेश कुमार, चौकीदार प्रदीप कुमार की तैनाती है। फार्मासिस्ट सुदामा यादव ने बताया कि प्रतिदिन लगभग 100 से अधिक देखे जाते हैं। मरीजों के बेहतर इलाज का प्रयास किया जाता है।
ले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की हर संभव कोशिश की जा रही है। डाक्टरों के कमी की सूचना उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। जल्दी ही समस्या का समाधान हो जाएगा।
- डॉ. नीना वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी