खनुआ। सोनौली कोतवाली क्षेत्र के शेख फरेंदा गांव के टोला करमहिया निवासी महिला का संदिग्ध हालात में शव पड़ोसी के घर में मिला। परिजन जमीन विवाद में हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। साथ ही पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव में चर्चा है कि दोनों पक्षों में जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। सोमवार की शाम करीब आठ बजे शेख फरेंदा गांव के टोला करमहिया निवासी जितेंद्र की पत्नी का शव पड़ोसी के घर में मिला। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जितेंद्र ने जमीन विवाद में पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। मृतक के दो पुत्र हैं।
मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी नौतनवा जय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बगल के घर के तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य फरार हैं। नौतनवा, सोनौली की पुलिस तैनात है। प्रत्येक हलचल पर नजर रखी जा रही है।