परसामलिक। सीएचसी रतनपुर में बृहस्पतिवार को प्रसव के बाद महिला की मौत हो गई। परिजनों ने कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नौतनवा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिरसिया खास निवासी राजकुमार की 21 वर्षीय पत्नी आशा को बुधवार की शाम करीब सात बजे प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजन एंबुलेंस से उसे सीएचसी रतनपुर लेकर आए। बृहस्पतिवार की सुबह करीब छह बजे उसने एक बच्ची को जन्म दिया। बच्ची के जन्म के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि स्टाफ नर्स की लापरवाही से महिला की मौत हुई है। आरोप है कि महिला की मौत के बाद यहां से रेफर कर किया गया था।
स्टाफ नर्स पर कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन सीएचसी के मुख्य द्वार पर शव रखकर बैठ गए। स्वास्थ्य कर्मियों ने इसकी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची नौतनवा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं रतनपुर स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि महिला की हालत गंभीर देख रेफर किया गया था। एंबुलेंस भी आई थी लेकिन परिजन निजी वाहन से नौतनवा किसी निजी अस्पताल लेकर गए थे। वापस आकर रतनपुर सीएचसी पर झूठा आरोप लगा रहे हैं।
नौतनवा उपनिरीक्षक संजय कुमार के अनुसार, परिजनों के आरोप पर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।