परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के अन्धया गांव में उधार के पैसे मांगने को लेकर एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चार महिलाओं पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अन्धया गांव निवासी रागिनी ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि उसने कुछ लोगों को उधार रुपये दिए थे। बीते शुक्रवार की सुबह करीब 6 बजे जब वह अपने रुपये मांगने गई तो गांव की ही कमलावती, शर्मिला, अर्चना व सुनीता ने मिलकर उसे गालियां देते हुए लाठी-डंडा, लात-घूंसे से मारना शुरू कर दिया। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर चारों आरोपी महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।