भिटौली। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव में एक महिला से मारपीट और उसके पति पर लाठी-डंडे से हमला करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तहरीर में मेवाती देवी निवासिनी तरकुलवा तिवारी ने बताया कि 28 जून 2026 की शाम करीब छह बजे वह अपने घर पर खाना बना रही थी। इसी दौरान गांव का सुग्रीव उर्फ सनी शराब के नशे में उसके घर का दरवाजा पीटने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसे बाल पकड़कर घसीटा और मारपीट की। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे पीड़िता के पति रामू पर भी आरोपी ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। एसओ सत्येन्द्र राय ने बताया कि आरोपी सुग्रीव के खिलाफ दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।