पत्नी ने नहीं किया धर्म परिवर्तन तो मारपीट कर घर से निकाला
पीड़िता ने तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के मिठौरा निवासी एक व्यक्ति ने पत्नी को धर्म बदल ईसाई बनने के लिए पहले दबाव बनाया। विरोध करने पर उसने पत्नी को बेरहमी से पीटकर घर से निकाल दिया। बीते रविवार को आरोपी पति अंगद की कलई खुलने के बाद पीड़ित पत्नी किरन ने मंगलवार को पुलिस से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता किरन बुजुर्ग मां और मासूम बेटे के साथ निचलौल थाने में पहुंचकर पुलिस से बताया है कि वर्ष 2015 में उनकी शादी मिठौरा गांव के रहने वाले अंगद के साथ हिंदू रीति रिवाज से हुई थी। शादी के बाद करीब एक वर्ष तक सब कुछ ठीक था। कुछ ही दिन बाद से पति अंगद का व्यवहार बदलने लगा। वह धर्म बदल ईसाई बनने के लिए उन पर दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर पति ने पिटाई कर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद वह निचलौल क्षेत्र के गांव लेदी स्थित मायके चली आई। पीड़िता ने बताया कि उसके दो बच्चे हैं। बड़ी बेटी को पति ने जबरन अपने पास रख लिया है। जबकि छोटा बेटा उनके पास रहता है। निचलौल थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रधान यादव ने कहा कि मामले में तहरीर मिली है। आगे कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल जेल में है आरोप पति
निचलौल थाना क्षेत्र के मदनपुरा गांव में एक चाय की दुकान पर बीते रविवार को धर्म बदलने की बात को लेकर एक युवक के साथ आरोपी पति ने मारपीट की थी। जिस मामले में निचलौल पुलिस अंगद कुमार निषाद के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।