महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव के टोला मदरहा में गायक की दबंगों ने जमकर पिटाई कर दाहिना हाथ तोड़ दिया। बीते दिनों पट्टीदारों से विवाद में गायक सुनील उर्फ सोनू चौहान पर केस दर्ज हुआ था। इस दौरान पट्टीदारों ने गांव में शोर कर दिया कि सोनू को छह माह का कारावास हो गया है। जबकि गायक सोनू चौहान जमानत पर रिहा होकर घर आ गया। उसे घर आने के कारण नाराज होकर दबंगों ने उनकी बेरहमी से पिटाई कर लहूलुहान कर दिया। मामले को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव के टोला मदरहा निवासी सुनील उर्फ सोनू चौहान अहिरौली टोला मदरहा ने पुलिस को बताया कि वह पेशे से गायक है। वह समारोह सहित अन्य जगहों पर गाना भी गाते हैं। जिसे लेकर पट्टीदारों के अंदर कलह था, कि वह कहीं उन लोगों से आगे न बढ़ जाए। इसी बीच पट्टीदारों से विवाद हो गया तो पट्टीदारों की शिकायत पर पुलिस उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर चालान कर दिया। उस वक्त पट्टीदारों ने गांव में आकर शोर कर दिया की। उनका छह माह के लिए कारावास हो गया है, लेकिन वह उसी रात जमानत पर रिहा होकर घर लौट आए। इससे पट्टीदार उनको घर पर देख आग बबूला हो गए और गोलबंद होकर 25 नवंबर की रात करीब सात बजे उनसे कहासुनी करने लगे। विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। इतना ही नहीं दबंगों ने उनकी बेरहमी से पिटाई कर दाहिना हाथ भी तोड़ दिया। उसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए वह लोग मौके से भाग निकले।
घुघली थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज राय ने कहा कि मामले में घायल सुनील उर्फ सोनू की तहरीर पर पट्टीदार रामचंद्र चौहान, गोविंद चौहान, नंदनी और शांति के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।