संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। बाल स्वास्थ्य पोषण माह के तहत जिले में 3.33 लाख बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी। 13 अगस्त से 13 सितंबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम को सफल बनाने की जिम्मेदारी आशा, आंगनबाड़ी और एएनएम को सौंपी गई है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि 13 अगस्त से मनाए जाने वाले बाल स्वास्थ्य पोषण माह के दौरान नौ माह से पांच वर्ष के बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलायी जाएगी। इससे बच्चों के शारीरिक एवं बौद्धिक विकास के साथ-साथ आंखों को भी लाभ मिलेगा। रतौंधी नामक बीमारी से भी यह बच्चों को बचाने में कारगर सिद्ध होगी। चिकित्सकों व अन्य लोगों को अभियान के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी दी गई है।