महराजगंज। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसके माध्यम से जरूरतमंदों को आगे बढ़ने में मदद की जा रही है। लाभ प्राप्त करने वाले लोग योजना के बारे में अपने आसपास के लोगों को बताएं, जिससे कि वे भी लाभ प्राप्त कर अपने जीवन को बेहतर बना सकें।
ये बातें सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने शनिवार की देर शाम उद्योग केंद्र मेें आयोजित विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना संबंधी कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि कुम्हारी कला से जुड़े लोग टूलकिट का उपयोग अपने व्यवसाय को बढ़ाने मेें करें। इसके साथ ही चेक प्राप्त करने वाले लाभार्थियों से भी कहा कि वे जिस उद्देश्य के साथ ऋण ले रहे हैं उसको पूरा करने का कार्य करें। उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी ने कहा कि उद्योग विभाग की ओर से संचालित योजनाओं से जुड़कर जरूरतमंद अपने जीवन स्तर को सुधार सकते हैं। मार्गदर्शी बैंक के मुख्य प्रबंधक अमरेश मौर्या ने कहा कि जरूरतमंदों को आगे बढ़ाने में बैंक की ओर से सहभागी की भूमिका निभाई जा रही है। इस दौरान सहायक उपायुक्त राकेश जायसवाल, अविनाश, मनीष जैसवार, दिनेश उपस्थित रहे।