महराजगंज। मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। विहिप के जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि जनपद के कुछ स्थानों पर हाल ही में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की देखरेख में गरबा कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। अरविंद सिंह ने बताया कि एक निजी स्कूल में आयोजित गरबा कार्यक्रम के दौरान एक विधायक के पुत्र ने विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी दी। घटना से संगठन के कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। विहिप ने मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर संदीप जायसवाल, सुधीर कुमार गुप्ता, गंगा सागर राजवंशी, राहुल, बलराम व अन्य मौजूद रहे।