महराजगंज। विकास खंड मिठौरा क्षेत्र के ग्राम सभा पकड़ियार बुजुर्ग में सामुदायिक शौचालय में सफाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। रामसमुख, सुनील, छागुर ने बताया कि गांव में बना सामुदायिक शौचालय बदहाल है। सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण कोई जाना नहीं चाहता है। खुले में शौच जाना पड़ता है। ग्रामीण सुन्नर, जैतुन्निशा, खुशबू ने कहा कि शौचालय में काफी ज्यादा गंदगी है। शौचालय की टंकी लगभग एक महीने से भरी हुई है। आरोप लगाते हुए कहा कि समूह की महिलाओं को केयर टेकर बनाया गया है ताकि शौचालय की सफाई हो सके। जिम्मेदारों से मिलीभगत कर घर पर बैठे-बैठे मानदेय उठा लिया जा रहा है। खंड विकास अधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।