महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के अमवा पुरैना गांव के बीच सिवान में कथित चोरों को पकड़ने के लिए चार गांवों के लोग घंटों परेशान रहे। इस बीच अमवा गांव के पास एक व्यक्ति को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। शेष चोरों की तलाश के लिए लोग लाठी डंडा लेकर धान की फसल में तलाश कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सूचना देने के घंटों बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची है।
बुधवार की देर रात लगभग आठ बजे श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बसहिया के एक घर के पास चार पांच की संख्या में कुछ लोग आपस में बातचीत कर रहे थे। बातचीत सुनकर जब घर के लोग जगे तो वह महम्मदा गांव के निबियापार टोले की तरफ भागने लगे। जानकारी होने पर उधर से भी सैकड़ों लोग लाठी डंडा लेकर उन्हें दौड़ाने लगे। फिर चोर अमवा गांव की तरफ भागने लगे। अमवा दुर्गा मंदिर के पास लोगों ने घेराबंदी कर एक चोर को पकड़ लिया। शेष चोरों की तलाश में अमवा, बसहिया, पुरैना, निबियापार के लोग खेतों में तलाश कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी।