तेंदुए की तलाश में जुटे बेलभार के ग्रामीण
शुक्रवार को भी लाठी-डंडे लेकर झाड़ियों में तेंदुए को खोजते देखे गए ग्रामीण, वन विभाग ने सतर्क रहने की दी सलाह
महराजगंज। नौतनवां क्षेत्र के ग्राम चकदह के टोला बेलभार में दस वर्षीय बालक को तेंदुए के शिकार बना लेने के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर तेंदुए की तलाश में जुटे हैं। वन कर्मियों ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
नौतनवां क्षेत्र के ग्राम चकदह के बेलभार टोला निवासी पिंटू यादव का पुत्र अमित यादव बुधवार से स्कूल से पढ़कर घर लौटा तथा गांव के बाहर बकरी चराने चला गया। शाम तक वापस न लौटने पर घर वालों को चिंता हुई तथा उन्होंने गांव से लगाए जंगल तक उसे तलाशा मगर उसका पता नहीं चला। रात होने पर सभी लौट आए तथा दूसरे दिन सुबह फिर से उसकी खोजबीन हुई तो जंगल में बाघेला नदी के पार उसका शव मिला। जिसमें न सिर्फ सिर धड़ से अलग था, बल्कि उसके शरीर के कुछ हिस्से को तेंदुए ने अपना आहार बना लिया था। घटना से सहमे ग्रामीण शुक्रवार को भी तेंदुए की तलाश में लाठी-डंडे लेकर घूमते मिले। प्रधान वीरेंद्र राय, तबारक हुसैन, गणेश, गिरिजेश, घनश्याम यादव, रामकुंदन, महबूब आलम व खुर्शीद ने कहा कि जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जाएगा, गांव के लोगों को सुकून नहीं मिलेगा। इस तरह की फिर कोई घटना न हो, इसलिए निगरानी की जा रही है।
तेंदुए ने आक्रामक होकर घटना को अंजाम दिया है। वन विभाग की ओर से ग्रामीणों से समन्वय स्थापित किया जा रहा है। ग्रामीणों को भी सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। -राकेश कुमार, उप वन क्षेत्राधिकारी